देवोत्थान एकादशी पर सोरों में गूंजेंगे भगवान वराह के जयकारे, निकलेगी भव्य पंचकोशीय परिक्रमा

देवोत्थान एकादशी पर सोरों में गूंजेंगे भगवान वराह के जयकारे, निकलेगी भव्य पंचकोशीय परिक्रमा

20 नवंबर को हरि की पौड़ी पर होगा मां गंगा का दुग्धाभिषेक, सुबह 9 बजे हरिनाम संकीर्तन के साथ शुरू होगी परिक्रमा

सोरों (कासगंज)। तीर्थ नगरी सोरों जी के आदि तीर्थ शूकरक्षेत्र धाम में देवोत्थान (देवउठनी) एकादशी के पावन अवसर पर 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को भव्य पंचकोशीय परिक्रमा का आयोजन किया जाएगा। शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति एवं ब्राह्मण कल्याण सभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में मां गंगा का दुग्धाभिषेक, देव पूजन और भगवान श्री वराह नारायण का पूजन किया जाएगा।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति के संयोजक एवं ब्राह्मण कल्याण सभा के संस्थापक अध्यक्ष पंडित शरद कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रत्येक एकादशी पर आयोजित होने वाली पंचकोशीय परिक्रमा का उद्देश्य शूकरक्षेत्र धाम की पौराणिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक महिमा को जन-जन तक पहुंचाना और सनातन समाज को अपनी प्राचीन तीर्थ परंपराओं से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को प्रातः 8 बजे हरि की पौड़ी स्थित मां गंगा का विधि-विधान से दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद सुबह 8:30 बजे देव पूजन, मां गंगा पूजन एवं भगवान श्री वराह नारायण का पूजन होगा। वहीं सुबह 9 बजे भगवान श्री वराह नारायण के जयघोष और हरिनाम संकीर्तन के साथ पंचकोशीय परिक्रमा का शुभारंभ किया जाएगा।

पंडित शरद कुमार पाण्डेय ने कहा कि शूकरक्षेत्र धाम भगवान श्री वराह विष्णु की पावन अवतार स्थली होने के साथ ही मां गंगा की पवित्र नगरी है। यह धाम सनातन संस्कृति, आस्था और पौराणिक गौरव की अमूल्य धरोहर है। इसकी धार्मिक एवं आध्यात्मिक महिमा को देश-दुनिया तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

उन्होंने नगरवासियों, संत-महात्माओं, धर्माचार्यों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, राजनीतिक दलों, व्यापारिक संगठनों, विद्यालयों तथा समस्त सनातन धर्मावलंबियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर पंचकोशीय परिक्रमा को सफल बनाने की अपील की।

आयोजकों ने कहा कि यह अभियान किसी एक व्यक्ति या संस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समस्त सनातन समाज को अपनी तीर्थ विरासत से जोड़ने का सामूहिक प्रयास है।

आयोजक: शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति एवं ब्राह्मण कल्याण सभा, सोरों जी।

संकल्प हमारा — तीर्थ बचाओ, संस्कृति बचाओ, शूकरक्षेत्र की महिमा बढ़ाओ।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *