यातायात माह में कासगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 285 वाहनों के चालान, तीन वाहन सीज

ओवरस्पीडिंग करने वाले 70 वाहन चालक पकड़े, मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न पर भी चला अभियान
कासगंज। यातायात माह नवंबर 2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा रविवार को जनपद में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। सिकंदराराऊ रोड तिराहा, नदरई तिराहा तथा रोडवेज बस स्टैंड पर की गई कार्रवाई में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
यातायात माह एक नवंबर से 30 नवंबर तक चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नशे की हालत में वाहन चलाने, मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं होने, गलत एवं खराब नंबर प्लेट, निर्धारित आयु से पहले वाहन चलाने, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों की जांच की गई।
अभियान के दौरान पांच वाहनों में प्रेशर हॉर्न, एक दोपहिया वाहन में मोडिफाइड साइलेंसर तथा एक वाहन में ब्लैक फिल्म लगी मिली। इसके अलावा एक लाल-नीली बत्ती भी जब्त की गई। दोपहिया इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से ओवरस्पीडिंग करने वाले 70 वाहन चालकों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना फिटनेस वाहन संचालन, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर लगी दो बुलेट मोटरसाइकिल और बिना ड्राइविंग लाइसेंस संचालित एक ऑटो सहित कुल तीन वाहनों को सीज किया गया। यातायात पुलिस ने कुल 285 वाहन चालकों के चालान करते हुए ऑनलाइन शमन शुल्क के रूप में 5 लाख 42 हजार रुपये अधिरोपित किए।
यह कार्रवाई यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में की गई। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।
Author: Soron Live 24

