खाद विक्रेताओं के पांच प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी

स्टॉक और रेट बोर्ड नहीं मिले, बिक्री रजिस्टर भी अधूरे; संतोषजनक जवाब न मिलने पर होगी विधिक कार्रवाई
कासगंज। जनपद में उर्वरकों की बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखने और निर्धारित दरों पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग की ओर से उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण एवं छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान पांच खाद विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जहां कई अनियमितताएं मिलने पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स दिनेश जी खाद भंडार, म्यासुर सहावर, मेसर्स सतनाम ट्रेडर्स एवं खाद बीज भंडार, म्यासुर सहावर, मेसर्स दिनेश चंद्र गुप्ता खाद भंडार, सहावर, मेसर्स साम्य खाद भंडार, बमनपुरा तथा मेसर्स राजवीर खाद भंडार, बमनपुरा का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान उक्त प्रतिष्ठानों पर निर्धारित स्टॉक एवं रेट बोर्ड प्रदर्शित नहीं पाए गए। इसके अलावा उर्वरक स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर उपलब्ध नहीं मिले तथा अभिलेख भी अपूर्ण पाए गए। इन कमियों को उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 एवं शासन द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
विक्रेताओं को निर्धारित समयावधि में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने अथवा स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग ने जनपद के अन्य सभी उर्वरक विक्रेताओं को भी निर्देशित किया है कि किसानों को निर्धारित दरों पर ही उर्वरकों की बिक्री करें। प्रत्येक खाद विक्रय केंद्र पर स्टॉक एवं रेट बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें तथा सभी आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखें। निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Author: Soron Live 24

