रात्रि गश्त की हकीकत परखने आधी रात को थाने पहुंचे एसपी, सिढ़पुरा थाने का किया औचक निरीक्षण

कासगंज। जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा चोरी, लूट, डकैती और नकबजनी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने गुरुवार रात पुलिस गश्त और पेट्रोलिंग व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वह अचानक थाना सिढ़पुरा पहुंचे और थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को रात्रि गश्त और पिकेट ड्यूटी को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जाए। बैंक, एटीएम, सर्राफा बाजार और प्रमुख चौराहों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिसकर्मी रातभर क्षेत्र में भ्रमणशील रहें। साथ ही सक्रिय अपराधियों के डोजियर तैयार कर उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात और सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता का जायजा लिया। इसके अलावा अभिलेखों के रखरखाव, लंबित विवेचनाओं और शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार, थाना प्रभारी सिढ़पुरा प्रदीप मलिक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

