घर-घर विराजे गोवर्धन महाराज, श्रद्धा और भक्ति के साथ हुई पूजा-अर्चना, मंदिरों में लगा अन्नकूट का भोग




कासगंज जनपद में धूमधाम से मनाया गया गोवर्धन पूजा पर्व, फूलों और रंगों से सजाए गए गिरिराज महाराज; चामुंडा मंदिर में लगा छप्पन भोग, श्रद्धालुओं को वितरित किया गया प्रसाद
कासगंज। जनपद भर में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर घर-घर गोबर से गोवर्धन महाराज की आकर्षक आकृतियां बनाई गईं। श्रद्धालुओं ने फूलों और रंगों से गिरिराज महाराज का भव्य श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
सुबह से ही घरों में गोवर्धन पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाने के बाद उन्हें फूलों, रंगों और विभिन्न सजावटी सामग्रियों से सजाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अन्नकूट, पूड़ी, हलवा, मिठाई सहित विभिन्न पकवानों का भोग लगाया। महिलाओं और पुरुषों ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जनपद के तीर्थ नगरी सोरों, कासगंज, सहावर, पटियाली, गंजडुंडवारा, अमांपुर और बिलराम सहित विभिन्न कस्बों में घर-घर गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही घरों में धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
वहीं कासगंज के चामुंडा मंदिर में गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में कई फुट लंबे गोवर्धन महाराज की आकर्षक आकृति सजाई गई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर छप्पन भोग अर्पित किया। इसके साथ ही अन्नकूट का विशेष भोग भी लगाया गया।
इसी क्रम में तीर्थ नगरी सोरों के बाद मंदिर परिसर में भी गोबर से गोवर्धन महाराज की आकर्षक आकृति बनाई गई। यहां अन्नकूट का भोग लगाकर पूजा-अर्चना की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। जनपद के विभिन्न मंदिरों में भी अन्नकूट प्रसाद वितरण के आयोजन हुए, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर जनपद भर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
Author: Soron Live 24

