स्टील के गिलास के नीचे पटाखा रखकर चलाना पड़ा भारी, धमाके से युवक की दर्दनाक मौत

स्टील के गिलास के नीचे पटाखा रखकर चलाना पड़ा भारी, धमाके से युवक की दर्दनाक मौत

पटाखे के जोरदार विस्फोट से स्टील का गिलास पेट में जा घुसा, गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम; 22 वर्षीय युवक की मौत से गांव में पसरा मातम

कासगंज। जनपद के सोरों थाना क्षेत्र के ग्राम सिरावली में दीपावली के अवसर पर पटाखे से हुआ एक दर्दनाक हादसा परिवार की खुशियां मातम में बदल गया। गांव में स्टील के गिलास के नीचे पटाखा रखकर चलाना एक 22 वर्षीय युवक को भारी पड़ गया। पटाखे में हुए जोरदार विस्फोट के दौरान स्टील का गिलास तेज गति से उछलकर युवक के पेट में जा घुसा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक प्रवेश कुमार (22 वर्ष) पुत्र रामवीर सिंह माथुर, निवासी ग्राम एवं पोस्ट सिरावली, थाना सोरों, सोमवार सुबह करीब सात बजे गांव में पटाखा चला रहा था। इसी दौरान युवक ने स्टील के गिलास के नीचे पटाखा रखकर उसे जलाया। पटाखे में अचानक जोरदार धमाका हुआ और विस्फोट के प्रभाव से स्टील का गिलास युवक के पेट में जा घुसा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल प्रवेश कुमार को उपचार के लिए कलावती अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया।

22 वर्षीय प्रवेश कुमार की असमय मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। युवक की दर्दनाक मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

एक छोटी सी लापरवाही बनी जानलेवा

दीपावली के उल्लास के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पटाखे चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है। पटाखों के साथ स्टील के गिलास, डिब्बे अथवा अन्य कठोर वस्तुओं का प्रयोग बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। थोड़ी सी लापरवाही भी किसी की जिंदगी छीन सकती है।
#diwali #patakha #death #accident

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *