त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर सड़कों पर उतरे एसपी ओपी सिंह, बाजारों में किया पैदल गश्त
सदर बाजार से पटाखा बाजार तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, दुकानदारों से किया संवाद; यातायात, अग्नि सुरक्षा और महिला सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश

कासगंज। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, कार्तिक पूर्णिमा स्नान और छठ पूजा जैसे आगामी पर्वों को सकुशल संपन्न कराने के लिए कासगंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह स्वयं सड़क पर उतरे और क्षेत्राधिकारी नगर व स्थानीय पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी ने सदर बाजार, मुख्य मार्गों, भीड़भाड़ वाले चौराहों और पटाखा बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों और आमजन से संवाद कर त्योहारों पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियों का पर्व हैं। किसी भी असामाजिक तत्व को त्योहारों के उल्लास में खलल डालने नहीं दिया जाएगा। लोग निश्चिंत होकर खरीदारी करें, पुलिस हर जगह मुस्तैद रहेगी।
अतिक्रमण और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
पैदल गश्त के दौरान एसपी ने निर्देश दिए कि बाजारों में यातायात बाधित न हो, इसके लिए अतिक्रमण हटवाया जाए और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। पटाखा दुकानों पर पानी, बालू और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने तथा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और लावारिस वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा के मद्देनजर मिशन शक्ति टीम के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
अफवाहों से बचने की अपील
कासगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की टीमें 24 घंटे निगरानी कर रही हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल यूपी-112 या स्थानीय पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
दीवाली शुभकामनाएं संदेश👇👇👇





Author: Soron Live 24

