बूढ़ी गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने की तैयारी, आठ नालों के दूषित जल का होगा शोधन

सीडीओ वीरेंद्र सिंह ने पर्यावरण, गंगा और वृक्षारोपण समितियों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, 4 नवंबर को सोरों की हरि की पौड़ी पर होगी भव्य गंगा आरती
कासगंज, 27 अक्टूबर। बूढ़ी गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जनपद के आठ नालों के दूषित जल का बायोरेमीडिएशन पद्धति से शोधन कराया जाएगा। वहीं, वृक्षारोपण की लंबित जिओ-टैगिंग को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्देश मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित रुद्राक्ष सभागार में आयोजित जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक में दिए।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण, गंगा नदी के पुनरोद्धार, वृक्षारोपण, जल गुणवत्ता और अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने कहा कि जिन विभागों की वृक्षारोपण कार्यों की जिओ-टैगिंग लंबित है, वे प्राथमिकता के आधार पर इसे पूरा कराएं, जिससे पौधरोपण का सत्यापन और अभिलेखीकरण सुनिश्चित हो सके।
आठ नालों के दूषित जल का होगा शोधन
बूढ़ी गंगा नदी में गिरने वाले नालों से होने वाले प्रदूषण पर चिंता जताते हुए सीडीओ ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। गंजडुंडवारा के चार, सोरों के तीन और भरगैन के एक नाले सहित कुल आठ नालों के दूषित जल का बायोरेमीडिएशन पद्धति से शोधन कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए नदियों और जल स्रोतों की गुणवत्ता में सुधार लाने को कहा।
हरि की पौड़ी पर 4 नवंबर को होगी गंगा आरती
बैठक में आगामी 4 नवंबर को सोरों जी स्थित हरि की पौड़ी घाट पर जिला गंगा समिति के तत्वावधान में भव्य गंगा आरती के आयोजन की तैयारियों पर चर्चा हुई। इसके अलावा डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया की ओर से लहरा घाट पर कछुआ विमोचन कार्यक्रम आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
गंगा किनारे निर्माण कार्यों पर भी चर्चा
बैठक में गंगा नदी के किनारे निर्माण कार्यों से संबंधित नदी पुनरोद्धार, संरक्षण एवं प्रबंधन प्राधिकरण आदेश, 2016 के प्रावधानों पर चर्चा की गई। आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए प्रस्ताव जिला गंगा समिति के माध्यम से राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार को भेजने की प्रक्रिया पर भी विचार किया गया।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

