सोरों में बंदरों का आतंक, चलती बाइक से टकराया बंदर; शिक्षक घायल

बारू तिराहा रोड पर हुआ हादसा, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना; बंदरों को पकड़वाने की मांग तेज
सोरों (कासगंज)। तीर्थ नगरी सोरों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के सड़कों और मोहल्लों में खुलेआम घूमने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बंदरों के हमलों और अचानक सड़क पर आ जाने से हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
ताजा मामला शुक्रवार शाम का है। सोरों के बारू तिराहा रोड पर शिक्षक मयूरेश दुबे बाइक से मोहल्ला दुबे से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान एक बंदर उनकी चलती बाइक से टकरा गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और शिक्षक मयूरेश दुबे पुत्र स्वर्गीय वागीश दुबे, निवासी मोहल्ला मढ़ई, सोरों घायल हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बंदरों को पकड़वाने की मांग तेज कर दी है। तीर्थ नगरी के कई संगठन और सभासद भी बंदरों की समस्या को लेकर नगर पालिका में लिखित शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से बंदरों को पकड़वाने और आमजन को राहत दिलाने के लिए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
Author: Soron Live 24

