कासगंज के 1700 दिव्यांगजनों की पेंशन अटकी, समिति ने ज्ञापन देकर उठाई भुगतान की मांग

80 प्रतिशत एवं इससे अधिक दिव्यांगता वाले लोगों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही की पेंशन का इंतजार, तकनीकी बदलाव के चलते खातों में धनराशि हस्तांतरित न होने का ज्ञापन में उल्लेख


कासगंज। जनपद में 80 प्रतिशत एवं इससे अधिक दिव्यांगता वाले लगभग 1700 दिव्यांगजनों की पहली तिमाही की पेंशन धनराशि अब तक खातों में नहीं पहुंची है। पेंशन का इंतजार कर रहे दिव्यांगजनों की समस्या को लेकर श्री वराह जन सेवा दिव्यांग समिति ने दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग को अनुस्मारक ज्ञापन भेजकर जल्द भुगतान कराने की मांग की है। समिति ने कहा कि पेंशन की धनराशि समय से उपलब्ध न होने के कारण दिव्यांगजनों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
समिति की ओर से 23 अक्टूबर 2026 को भेजे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही की पेंशन धनराशि तकनीकी बदलाव के कारण अब तक दिव्यांगजनों के खातों में हस्तांतरित नहीं हो सकी है। जबकि अन्य दिव्यांगजनों की पहली तिमाही की पेंशन धनराशि जुलाई 2026 में उपलब्ध कराई जा चुकी है।
लगभग 1700 दिव्यांगजन पेंशन के इंतजार में
ज्ञापन के अनुसार, जनपद कासगंज में 80 प्रतिशत एवं इससे अधिक दिव्यांगता वाले लगभग 1700 दिव्यांगजन हैं, जिन्हें पहली तिमाही की पेंशन धनराशि प्राप्त नहीं हुई है। समिति ने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए पेंशन की धनराशि की विशेष आवश्यकता रहती है। ऐसे में भुगतान में देरी से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
प्रमुख सचिव से शीघ्र कार्रवाई की मांग
श्री वराह जन सेवा दिव्यांग समिति अध्यक्ष कुलदीप निर्भय ने प्रमुख सचिव, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ से अनुरोध किया है कि प्रदेश में 80 प्रतिशत एवं इससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र लोगों की पहली तिमाही की पेंशन धनराशि जल्द उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। समिति ने जनपद कासगंज के लंबित मामलों का भी शीघ्र निस्तारण कर दिव्यांगजनों के खातों में पेंशन की धनराशि हस्तांतरित कराने की मांग उठाई है। ज्ञापन के दौरान
विनोद कुमार नीरज विष्णु कुमार धर्मपाल वृजपाल सोहिल ओमेंद्र जगदीश दीनदयाल प्रमोद कुमार आदि
मौजूद रहे
Author: Soron Live 24

