जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह की उपस्थिति में शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना।

आगरा खण्ड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन-2026 के लिए जनपद में बनाए गए कुल 20 मतदेय स्थल।
*निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम।*
*जनपद को 05 जोन एवं 12 सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी।*
कासगंज, 22 अक्टूबर 2026 (सू0वि0)। आगरा खण्ड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह की उपस्थिति में पोलिंग पार्टियों को मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए मतदान प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि मतदान कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 20 मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जिनमें शिक्षक निर्वाचन के 08 तथा स्नातक निर्वाचन के 12 मतदेय स्थल शामिल हैं। प्रत्येक मतदेय स्थल पर चार मतदान कार्मिकों एवं छह पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था में महिला पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद को 05 जोन एवं 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। जोनल अधिकारियों के रूप में उप जिलाधिकारी स्तर के अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की सतत निगरानी एवं समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु जनपद स्तर पर एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
आगरा खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 के मतदाता विवरण के अनुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 100 कासगंज में 456 पुरुष एवं 155 महिला सहित कुल 611 मतदाता, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 101 अमांपुर (तहसील सहावर) में 179 पुरुष एवं 39 महिला सहित कुल 218 मतदाता तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 102 पटियाली में 373 पुरुष एवं 89 महिला सहित कुल 462 मतदाता पंजीकृत हैं। इस प्रकार जनपद में कुल 1008 पुरुष एवं 283 महिला सहित 1291 शिक्षक मतदाता पंजीकृत हैं।
आगरा खण्ड स्नातक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जनपद के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 9925 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 6888 पुरुष एवं 3037 महिला मतदाता शामिल हैं। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 102 पटियाली में 2177 पुरुष एवं 800 महिला सहित कुल 2977 मतदाता पंजीकृत हैं।
पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी पुलिस कर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ तैनात रहें। मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान कार्मिकों तथा सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी आलोक गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

