रावण दहन से पहले प्रभु पार्क पहुंचे एसपी ओपी सिंह, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश, शांतिपूर्ण आयोजन के लिए मुस्तैद रहने को कहा
कासगंज। रावण दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने सोमवार को कोतवाली कासगंज क्षेत्र के प्रभु पार्क में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखने और कार्यक्रम के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कासगंज जगदीश चंद्र सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
कासगंज पुलिस की अपील
कासगंज पुलिस ने नागरिकों से रावण दहन कार्यक्रम के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
Author: Soron Live 24

