घर-घर हुआ कन्या पूजन, मां सिद्धिदात्री की आराधना के साथ धूमधाम से मनाई गई महा नवमी

घर-घर हुआ कन्या पूजन, मां सिद्धिदात्री की आराधना के साथ धूमधाम से मनाई गई महा नवमी

शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, कन्याओं को कराया भोजन और लिया मां दुर्गा का आशीर्वाद

कासगंज। शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन जनपद कासगंज में महा नवमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कासगंज शहर, तीर्थ नगरी सोरों, सहावर, गंजडुंडवारा, पटियाली और सिढ़पुरा सहित विभिन्न कस्बों में भक्तिमय माहौल रहा। सुबह से ही घरों में मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की गई।

महा नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने घर-घर कन्या पूजन किया। कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनके चरण धोए गए, तिलक लगाया गया और विधि-विधान से भोजन कराकर दक्षिणा एवं उपहार भेंट किए गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कन्याओं का आशीर्वाद लेकर अपने व्रत का पारायण किया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां सिद्धिदात्री की आराधना करने से भक्तों को सुख-समृद्धि, शांति और सिद्धियों की प्राप्ति होती है। नवरात्रि के अंतिम दिन मंदिरों और घरों में पूजा-पाठ के साथ धार्मिक उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

महा नवमी के साथ ही नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि का समापन भक्तिमय वातावरण में हुआ।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *