कासगंज जिला कारागार की विजिटर बोर्ड का गठन, दो अशासकीय सदस्य नामित

कासगंज जिला कारागार की विजिटर बोर्ड का गठन, दो अशासकीय सदस्य नामित

आशुतोष त्रिवेदी और सीमा शाक्य को मिली जिम्मेदारी, बंदियों के कल्याण एवं कारागार प्रशासन से जुड़े कार्यों में करेंगे सहयोग

कासगंज। जिला कारागार कासगंज में विजिटर बोर्ड के गठन की प्रक्रिया के तहत दो अशासकीय सदस्यों को नामित किया गया है। अपर जिला मजिस्ट्रेट, कासगंज की ओर से 9 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार आशुतोष त्रिवेदी और श्रीमती सीमा शाक्य को विजिटर बोर्ड में सदस्य नामित किया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक, कारागार में विजिटर बोर्ड के गठन के संबंध में प्राप्त निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई है। बोर्ड में दो सामाजिक कार्यकर्ताओं को अशासकीय सदस्य के रूप में शामिल किया जाना था, जिनमें एक महिला सदस्य होना आवश्यक है। नामित सदस्यों से कारागार प्रशासन और बंदियों के कल्याण से जुड़े कार्यों में रुचि रखते हुए निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सहयोग की अपेक्षा की गई है।

आदेश में आशुतोष त्रिवेदी को परास्नातक तथा श्रीमती सीमा शाक्य को स्नातक शिक्षित बताया गया है। जिला मजिस्ट्रेट के अनुमोदन के बाद उत्तर प्रदेश कारागार मैनुअल, 2022 के संबंधित प्रावधानों के अनुरूप विजिटर बोर्ड के गठन की कार्रवाई की गई है।

अपर जिला मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में जिला न्यायाधीश, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी कार्यालय ज्ञाप की प्रतिलिपि भेजी गई है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *