खाकी ने पेश की इंसानियत की मिसाल, कुष्ठ आश्रम में बांटीं खुशियों की सौगात

मिशन शक्ति फेज-6 के तहत एसपी ओपी सिंह की संवेदनशील पहल, निराश्रितों को फल, मिठाई और वस्त्र देकर जाना हालचाल
कासगंज, 14 अक्टूबर। (सचिन उपाध्याय )कानून और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली खाकी बुधवार को सेवा, संवेदना और अपनत्व के रंग में नजर आई। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने सोरों स्थित कुष्ठ आश्रम पहुंचकर वहां रह रहे निराश्रितों से मुलाकात की। उन्होंने फल, मिष्ठान और वस्त्र वितरित कर आश्रमवासियों के बीच खुशियां बांटीं और उन्हें सम्मान व अपनत्व का एहसास कराया।
हालचाल जाना, आत्मीयता से किया संवाद
कुष्ठ आश्रम में पहुंचकर पुलिस अधीक्षक ने वहां रह रहे वृद्धों, बीमारों और अन्य निराश्रित लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने सभी का हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया। इस दौरान फल, मिठाई और वस्त्र वितरित कर उनके प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त की। पुलिस अधिकारियों के इस आत्मीय व्यवहार से आश्रम का माहौल भावुक और अपनत्व से भरा नजर आया।
‘खाकी का फर्ज सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं’
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तक सीमित नहीं है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े निराश्रित, असहाय और उपेक्षित लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना भी पुलिस का महत्वपूर्ण दायित्व है।
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों और समाज के वंचित वर्गों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। इसी भावना के अनुरूप मानवीय और जनसेवा से जुड़े कार्य आगे भी जारी रखे जाएंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति स्वयं को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे।
पुलिस की पहल ने जीता आश्रमवासियों का दिल
पुलिस अधीक्षक और उनकी टीम के इस संवेदनशील प्रयास से आश्रम के निवासियों में खुशी देखने को मिली। आश्रमवासियों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए अधिकारियों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि वर्दी की असली पहचान केवल कर्तव्य निभाने में ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के प्रति संवेदना, सम्मान और सेवा का भाव रखने में भी है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, सोरों थाना प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

