कासगंज में ग्राम प्रहरियों का सम्मान, डीएम-एसपी ने बांटे प्रशस्ति पत्र और सुरक्षा किट

मुख्यमंत्री के बरेली कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण, ग्राम प्रहरियों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश
कासगंज, 13 अक्टूबर। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में मंगलवार को जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में ग्राम प्रहरी (चौकीदार) सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नीरज शर्मा मौजूद रहे। इस दौरान जिले के विभिन्न थानों से आए ग्राम प्रहरियों को उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
सम्मेलन के दौरान बरेली में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम ‘ग्राम सुरक्षा में योगदान, ग्राम प्रहरियों का सम्मान’ का सजीव प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किए जाने का प्रसारण दिखाया गया। मुख्यमंत्री के संबोधन और ग्राम प्रहरियों के हित में दिए गए संदेश को उपस्थित अधिकारियों एवं प्रहरियों ने ध्यानपूर्वक सुना।
गांवों की सुरक्षा में ग्राम प्रहरियों की अहम भूमिका
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कहा कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में शासन और प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम है। उन्होंने ग्राम प्रहरियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने ग्राम प्रहरियों को पुलिस विभाग की जमीनी आंख और कान बताते हुए कहा कि गांवों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, अवांछित तत्वों के आवागमन, जुआ, अवैध शराब और आपसी विवादों की सूचना तत्काल बीट पुलिस अधिकारी या संबंधित थाने को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
समस्याएं सुनकर निस्तारण के दिए निर्देश
सम्मेलन में डीएम और एसपी ने ग्राम प्रहरियों की स्थानीय समस्याओं को एक-एक कर सुना। उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
सुरक्षा उपकरण देकर बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रहरियों को ड्यूटी अधिक सुचारू और प्रभावी ढंग से करने के लिए टॉर्च, लाठी और अन्य आवश्यक वर्दी सामग्री सहित सुरक्षा उपकरण प्रदान किए गए। साथ ही, सरकार की ओर से मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये किए जाने की जानकारी देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
सम्मेलन में क्षेत्राधिकारी लाइन दुर्गेश कुमार मिश्र, प्रतिसार निरीक्षक सुभाष सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में ग्राम प्रहरी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

