कासगंज में फिर मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
बेटी से जुड़े मुकदमे में सुनवाई न होने का लगाया आरोप, मामों गांव में पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड; महिला को सुरक्षित उतारने के प्रयास
कासगंज। जनपद के ग्राम मामों में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। महिला की पहचान मुन्नी देवी (42 वर्ष), पत्नी ऋषिपाल सिंह, निवासी ग्राम जरौथा, थाना सोरों क्षेत्र के रूप में हुई है।
मौके पर पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसकी पुत्री के संबंध में थाना सोरों में मुकदमा अपराध संख्या 155/24 अज्ञात के खिलाफ दर्ज है। महिला का आरोप है कि इस मामले में पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है और उसकी शिकायत भी नहीं सुनी जा रही है।
घटना की सूचना पर थाना सोरों पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद रही। प्रकरण के संबंध में संबंधित मजिस्ट्रेट को भी अवगत करा दिया गया। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने और मामले में आवश्यक कार्रवाई के प्रयास किए गए।
पहले भी टावर पर चढ़ चुकी है महिला
बताया गया है कि इससे पहले 9 सितंबर 2026 को भी मुन्नी देवी सोरों कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला लाली में मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। उस समय सोरों पुलिस ने महिला को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा था। उस दौरान भी महिला ने पुलिस पर मामले में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था।
बार-बार सामने आ रही इस घटना के बाद महिला द्वारा लगाए गए आरोपों और उसकी पुत्री से जुड़े मुकदमे में अब तक हुई कार्रवाई को लेकर मामला एक बार फिर चर्चा में है।
Author: Soron Live 24


