सोरों बीज-उर्वरक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, दो लाइसेंस निलंबित

कासगंज। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार ने मंगलवार, 6 अक्टूबर को विकासखंड सोरों में बीज एवं उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं मिलने पर दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करते हुए संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।
मैसर्स गंगा बीज भंडार, सोरों के प्रतिष्ठान से बीज के तीन नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण के दौरान किसानों को बिल/क्रय रसीद उपलब्ध नहीं कराने तथा अन्य अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर प्रतिष्ठान का बीज लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
वहीं, मैसर्स देशपाल जगदीश प्रसाद, रामसिंहपुरा, सब्जी मंडी, सोरों के प्रतिष्ठान से उर्वरक के तीन नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। किसानों द्वारा डीएपी उर्वरक निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बेचे जाने की शिकायत के मद्देनजर प्रतिष्ठान का उर्वरक लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही डीएपी की बिक्री पर रोक लगाते हुए संबंधित विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार ने सभी बीज एवं उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित दर पर ही बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराएं। प्रत्येक खरीद पर अनिवार्य रूप से बिल/क्रय रसीद भी उपलब्ध कराई जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Soron Live 24

