तीन महीने बाद आश्रम से मिला लापता किशोर, परिजनों को सौंपा
बरसाना के लाडली दास आश्रम में मिला 16 वर्षीय अनुज, प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम से जुड़ा था मामला

मथुरा। हाथरस के सादाबाद से करीब तीन महीने पहले लापता हुआ 16 वर्षीय किशोर अनुज आखिरकार बरसाना में सकुशल मिल गया। बरसाना पुलिस ने उसे राधा बाग मार्ग स्थित लाडली दास आश्रम से बरामद कर शनिवार को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोर के मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक सादाबाद निवासी अनुज करीब तीन महीने पहले घर से लापता हो गया था। परिजनों को बाद में जानकारी मिली कि वह वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम में पहुंचा है और वहां दीक्षा लेने के बाद घर लौटना नहीं चाहता। लंबे समय तक किशोर का पता नहीं चलने पर परिजनों ने उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
इसके बाद परिजनों ने वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम के बाहर धरना-प्रदर्शन भी किया। घटनाक्रम चर्चा में आने के बाद बताया गया कि किशोर वहां से निकलकर बरसाना के राधा बाग मार्ग स्थित लाडली दास आश्रम में रहने लगा था।
इसी दौरान बरसाना कस्बा चौकी प्रभारी गौरव तोमर को किशोर के आश्रम में होने की सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल किशोर से संपर्क कर उसके संबंध में सादाबाद पुलिस और परिजनों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और सादाबाद पुलिस बरसाना पहुंच गए।
बरसाना पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। तीन महीने बाद बेटे के सकुशल मिलने पर परिवार के लोगों ने राहत जताई।
#वृंदावन #बरसाना #प्रेमानंदमहाराज #केलीकुंजआश्रम #लाडलीदासआश्रम
Author: Soron Live 24

