सोरों के घाट पर गूंजा स्वच्छता और गंगा संरक्षण का संदेश
स्वच्छता रैली, श्रमदान, शपथ, हस्ताक्षर अभियान और प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों ने दिया निर्मल गंगा का संदेश

सोरों, कासगंज। जिलाधिकारी, अध्यक्ष जिला गंगा समिति कासगंज के निर्देशन तथा प्रभागीय वनाधिकारी के मार्गदर्शन में बुधवार को ‘स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत तीर्थ नगरी सोरों स्थित घाट एवं पर्यटन केंद्र पर विभिन्न जन-जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता नवल कुलश्रेष्ठ एवं उच्च शिक्षा अधिकारी सुधीर कुमार रावत ने किया। इस दौरान स्वच्छता रैली, श्रमदान, गंगा स्वच्छता शपथ, हस्ताक्षर अभियान, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन और विद्यार्थियों को गंगा संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ और निर्मल गंगा के लिए सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में WWF-India एवं नगर पालिका परिषद सोरों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। श्री भागीरथी इंटर कॉलेज सोरों, एसजीएम जूनियर स्कूल सोरों, एनआर पब्लिक स्कूल, शारदा जौहरी नगर पालिका कन्या महाविद्यालय कासगंज तथा संत तुलसीदास म्युनिसिपल इंटर कॉलेज सोरों के विद्यार्थियों ने रैली, प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता एवं गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों को गंगा स्वच्छता एवं संरक्षण की शपथ दिलाई गई। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से स्वच्छ एवं निर्मल गंगा के प्रति जन-संकल्प को मजबूत किया गया। वहीं श्रमदान के दौरान अधिकारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने घाट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति सुजीत कुमार, WWF-India के सीनियर परियोजना अधिकारी हिमांशु शर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

