मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंका
जिलाध्यक्ष मनोज पांडे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने निकाला जुलूस, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
कासगंज। शहर में सोमवार दोपहर करीब एक बजे जिला कांग्रेस एवं शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मनोज पांडे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नदरई गेट स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से तहसील परिसर तक जुलूस निकाला और चुनाव आयोग के विरोध में नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में पार्टी के झंडे, बैनर और विरोध संबंधी तख्तियां थीं। तहसील परिसर पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष मनोज पांडे ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार सुरेश कुमार को सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मांगों पर कार्रवाई होने तक लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसील परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद कार्यकर्ता ज्ञापन सौंपकर वापस लौट गए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता मुनेन्द्र पाल सिंह राजपूत, सत्य प्रकाश गुप्ता, इंदिरा गौड़, कमल गुप्ता, विमल कुमार सिंह, अमित यादव भय्यू, सतेन्द्र पाल सिंह बैस, दीपक धनगर, योगेश श्रीवास्तव, रमेश धनगर, साजिल मियां, अली हसन, सोहराब, प्रतिभा सिंह, ऊषा पाल, गुलफान सिंह, मीनाक्षी गौड़ यादव, सोनी कश्यप, सुबोध वशिष्ठ, अजय प्रताप मिश्रा, हरिशंकर पचौरी, दीप कुमार पाण्डेय, अफगन शेख, रूम सिंह यादव, अर्चिका मिश्रा, वीरेंद्र यादव, मोहम्मद हाफिज, मोहम्मद सनी, नूर मोहम्मद नूरी, विक्रम वाल्मीकि, अभिषेक वाल्मीकि, राज कपूर वाल्मीकि, भूपेश यादव, कैलाश, अनिल यादव, राजा सलमानी, अभिषेक दुबे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24


