पितृपक्ष में गूंजेगी श्रीराम कथा की अमृतधारा
कादरबाड़ी में 1 अक्टूबर से नौ दिवसीय आयोजन, पहले दिन निकलेगी भव्य कलश यात्रा
सोरों जी। शूकर क्षेत्र सोरों जी के ग्राम कादरबाड़ी में पितृपक्ष के अवसर पर नौ दिवसीय दिव्य एवं भव्य श्रीराम कथा का आयोजन 1 अक्टूबर से किया जाएगा। कथा को लेकर ग्रामीणों में उत्साह है और आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
श्रीराम कथा का आयोजन 1 से 9 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक ग्राम कादरबाड़ी में होगा। कथा का रसपान सोरों शूकर क्षेत्र के प्रसिद्ध कथावाचक पूज्य राघव चाकर जी महाराज श्रद्धालुओं को कराएंगे। उनके भजनों और ओजस्वी वाणी में भगवान श्रीराम की दिव्य लीलाओं एवं कथा प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
कथा के प्रथम दिन 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं और श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ ग्राम का भ्रमण करते हुए लहरा घाट एवं भगवान शंकर लहरेश्वर महादेव के दर्शन करेंगे। इसके बाद कलश यात्रा कथा स्थल पर पहुंचेगी और विधि-विधान से श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा।
आयोजन में अयोध्या से कुलभूषण जी महाराज व सुखदेव जी महाराज, वृंदावन से नीरज बाबा ब्रह्मचारी, सोमवार मुनि जी महाराज, बच्चा मुनि जी महाराज तथा मुजफ्फरनगर से पंडित सुरेंद्र शर्मा सहित अन्य संत-महात्माओं एवं धर्माचार्यों के पहुंचने की जानकारी दी गई है।

आयोजन समिति के संत अभिराज दास निवासी ग्राम कादरबाड़ी एवं धर्मयात्रा महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजीव बरबारिया ने संयुक्त रूप से बताया कि श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने ग्रामवासियों एवं क्षेत्रीय जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण करने और धार्मिक आयोजन में सहभागिता करने की अपील की है।
Author: Soron Live 24

