मूसलाधार बारिश में भी नहीं डिगी आस्था, भारी बारिश के बीच लोग कर रहे जलदान-तर्पण
पितृपक्ष के प्रथम दिन सोरों हरि की पैड़ी पर श्रद्धालुओं की भीड़, बारिश में भी जारी है पितरों के निमित्त तर्पण

सोरों/कासगंज। तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में शनिवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था नहीं डिगी। सुबह करीब 9:30 बजे भी हरि की पैड़ी स्थित सोरों गंगा घाट पर श्रद्धालु भारी बारिश के बीच अपने पितरों के निमित्त जलदान और तर्पण करते नजर आए।

हरि की पैड़ी के बालाजी घाट, वराह भगवान घाट और राजा वाला घाट समेत अन्य घाटों पर भी श्रद्धालुओं और तीर्थ पुरोहितों की मौजूदगी रही। बारिश तेज होने के बावजूद श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर विधि-विधान से जलदान और तर्पण कर रहे हैं।
देर रात से लगातार हो रही बारिश के कारण घाटों पर परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और परंपरा जारी है। तीर्थ पुरोहित श्रद्धालुओं को विधि-विधान के अनुसार तर्पण करा रहे हैं।
पंडित शशिधर द्विवेदी ने बताया कि भारी बारिश के बावजूद सुबह से ही बालाजी घाट पर श्रद्धालु अपने पितरों के निमित्त जलदान और तर्पण कर रहे हैं।
बारिश तेज, आस्था उससे भी मजबूत—घाटों पर लगातार जारी है जलदान-तर्पण।
Author: Soron Live 24

