80 डेसीबल से ज्यादा आवाज में DJ बजाना पड़ा भारी, दो वाहनों का चालान

कासगंज। ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और न्यायालय के आदेशों के अनुपालन को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 80 डेसीबल से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाते पाए गए दो डीजे वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान डीजे संचालकों एवं वाहन चालकों को निर्धारित सीमा में ही ध्वनि का प्रयोग करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने बताया कि तेज आवाज से आमजन, मरीजों, छात्र-छात्राओं और बुजुर्गों को परेशानी होती है।
चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करते मिले दो डीजे संचालकों/वाहन चालकों का चालान किया गया तथा दोनों पर कुल 20 हजार रुपये का ऑनलाइन शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।
यातायात पुलिस ने नागरिकों और डीजे संचालकों से अपील की है कि 80 डेसीबल से अधिक आवाज में डीजे न बजाएं और ध्वनि प्रदूषण रोकने में पुलिस का सहयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
Author: Soron Live 24

