चार राज्यों में विधान परिषद चुनाव का ऐलान, 23 अक्टूबर को मतदान
यूपी समेत बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की 28 सीटों पर होगा चुनाव; 27 अक्टूबर को मतगणना, आचार संहिता लागू

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में विधान परिषद की शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की रिक्त होने वाली सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। चारों राज्यों की कुल 28 सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
चुनाव आयोग के मुताबिक बिहार विधान परिषद की आठ, कर्नाटक की चार, महाराष्ट्र की पांच और उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर चुनाव होना है। चुनाव प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी। इसी दिन चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी।
6 अक्टूबर तक दाखिल होंगे नामांकन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।
मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। सभी सीटों के लिए मतगणना 27 अक्टूबर को होगी और इसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
अलग-अलग तारीखों में समाप्त होगा कार्यकाल
आयोग के अनुसार बिहार विधान परिषद की आठ सीटों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त होगा। कर्नाटक की चार सीटें 11 नवंबर को रिक्त होंगी, जबकि महाराष्ट्र की पांच और उत्तर प्रदेश की 11 सीटों का कार्यकाल 6 दिसंबर को समाप्त होगा।
इन सीटों पर संबंधित शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता मतदान करेंगे। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। चुनाव आयोग ने सभी संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Author: Soron Live 24

