जय श्रीराम बोलने पर शिक्षक की फटकार का आरोप, कॉलेज में बजरंग दल का हंगामा
छात्रों ने धार्मिक भावनाएं आहत करने का लगाया आरोप, कार्यकर्ताओं ने की कार्रवाई की मांग; प्रधानाचार्य ने शिक्षक से तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण

सोरों। संत तुलसीदास म्युनिसिपल इंटर कॉलेज में कक्षा नौ के छात्रों द्वारा “जय राम-जय श्रीराम” बोलने को लेकर शिक्षक की कथित आपत्ति का मामला तूल पकड़ गया। छात्रों की शिकायत पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज पहुंचकर हंगामा किया और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कॉलेज परिसर में “जय श्रीराम” के नारे भी लगाए गए।


विरोध प्रदर्शन करते बजरंग दल के कार्यकर्ता एवं छात्र



छात्रों का आरोप है कि कक्षा में शिक्षक जनार्दन राम ने उनके द्वारा जय राम और जय श्रीराम बोलने पर फटकार लगाई। छात्रों ने शिक्षक पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने तथा इतिहास को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करने का आरोप लगाया। छात्रों के अनुसार, शिक्षक ने हिंदू धर्म और देवी-देवताओं को लेकर भी सवाल खड़े किए।
शिक्षक बोले- कहानी के माध्यम से समझा रहा था
वहीं शिक्षक जनार्दन राम ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने कक्षा में बच्चों को एक कहानी सुनाई थी। शिक्षक के मुताबिक उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा था कि मुस्लिम धर्म में खुदा और ईसाई धर्म में ईसा मसीह को माना जाता है, जबकि हिंदू धर्म में अनेक देवी-देवताओं की मान्यता है। इसी संदर्भ में उन्होंने बच्चों से सवाल किया था कि यदि कोई व्यक्ति संकट में होगा तो इतने देवी-देवताओं में से उसे बचाने कौन आएगा।
शिक्षक का कहना है कि उनकी बात को कहानी और कक्षा में दिए गए उदाहरण के संदर्भ से अलग समझा गया है। हालांकि छात्रों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने शिक्षक की इस टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़कर कार्रवाई की मांग की है।
कॉलेज में धरने पर बैठे बजरंग दल कार्यकर्ता
मामले की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और छात्रों के साथ धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए धार्मिक भावनाओं के अपमान का आरोप लगाया।
बजरंग दल के जिला संयोजक गोविंद महेरे ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में धार्मिक भेदभाव और देवी-देवताओं को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
प्रधानाचार्य ने तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण
विवाद बढ़ने के बाद कॉलेज प्रधानाचार्य ने शिक्षक को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब शिक्षक के जवाब और कॉलेज प्रशासन की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय होने की बात कही जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल जिला संयोजक गोविंद महेरे, निखिल निर्भय, पीयूष शंकर महेरे, सुधांशु भारद्वाज सिद्धांत गुप्ता,अर्जुन राम लोटा, यश महेरे, मनोज बघेल, तन्नू पाराशर आदि
सहित अन्य कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे।।
Author: Soron Live 24

