2027 के रण के लिए अखिलेश ने तैयार किया ‘पीडीए रथ’, यूपी में निकलेगी समाजवादी पीडीए यात्रा
लखनऊ पहुंचा खास रथ, डॉ. आंबेडकर समेत 18 महापुरुषों की तस्वीरें; ‘सामाजिक न्याय का परचम लहराएगा, पीडीए ही परिवर्तन लाएगा’ का दिया संदेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ‘समाजवादी पीडीए यात्रा’ के जरिए प्रदेश में राजनीतिक माहौल बनाने की तैयारी में हैं। इसी उद्देश्य से तैयार किया गया विशेष ‘पीडीए रथ’ बुधवार को समाजवादी पार्टी के लखनऊ स्थित कार्यालय पहुंच गया।
लाल रंग के इस विशेष रथ पर ‘समाजवादी पीडीए यात्रा’ लिखा गया है। रथ पर डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित 18 महापुरुषों की तस्वीरें लगाई गई हैं। इसके साथ ही ‘सामाजिक न्याय का परचम लहराएगा, पीडीए ही परिवर्तन लाएगा’ का नारा भी प्रमुखता से अंकित किया गया है।
यह रथ वास्तव में विशेष सुविधाओं से लैस एक लग्जरी बस है। रथ पर पीडीए की परिभाषा भी स्पष्ट की गई है, जिसमें पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को शामिल किया गया है।
समाजवादी पार्टी की ओर से इस यात्रा को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन और जनसंपर्क अभियान के तौर पर आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। पार्टी की रणनीति में पीडीए के मुद्दे को प्रमुखता देने के साथ प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर जनता से संवाद करने पर जोर रहेगा।
2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा के प्रदर्शन के बाद अब 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। ‘समाजवादी पीडीए यात्रा’ के जरिए पार्टी अपने सामाजिक न्याय और पीडीए के एजेंडे को जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है।
#PDA #समाजवादीपार्टी #AkhileshYadav
Author: Soron Live 24

