पीडीए पंचायत में 2027 की रणनीति पर मंथन, सर्वसमाज को जोड़कर पटियाली जीतने का संकल्प

पीडीए पंचायत में 2027 की रणनीति पर मंथन, सर्वसमाज को जोड़कर पटियाली जीतने का संकल्प

गंजडुंडवारा। पटियाली विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सर्वसमाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पीडीए पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं मैनपुरी जनपद के समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तथा भोगांव विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक रहे आलोक शाक्य शामिल हुए।

मुख्य अतिथि आलोक शाक्य ने कहा कि 2027 का चुनाव केवल सरकार बनाने का चुनाव नहीं, बल्कि संविधान, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों को मजबूत करने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को केवल अपने परंपरागत मतदाताओं तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि हर जाति, हर वर्ग और समाज के हर उस व्यक्ति को साथ जोड़ना है जो सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान में विश्वास रखता है।

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और बूथ-बूथ जाकर लोगों से संवाद करना होगा। पिछली समाजवादी सरकार में हुए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ यह भी बताना होगा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के लिए क्या योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर संगठन को मजबूत करना और कम से कम 17 नए लोगों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ना लक्ष्य बनाया जाना चाहिए।

कासगंज के जिलाध्यक्ष विक्रम यादव ने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनाव की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि पटियाली विधानसभा में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करके हर समाज के लोगों से लगातार संपर्क स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को केवल चुनाव के समय नहीं बल्कि पूरे समय जनता के बीच रहना है और उनकी समस्याओं के लिए संघर्ष करना है।

श्री यादव ने कहा कि पीडीए का अर्थ केवल चुनावी नारा नहीं, बल्कि पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और समाज के सभी वंचित एवं कमजोर वर्गों को सम्मान, भागीदारी और अधिकार दिलाने का संकल्प है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पटियाली विधानसभा से दावेदार अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि पटियाली में 2027 की लड़ाई संगठन, जनता के विश्वास और जमीनी मेहनत से जीती जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से वह लगातार क्षेत्र की जनता के बीच रहकर सड़क, बिजली, किसानों, बाढ़, शिक्षा, स्वास्थ्य और आम लोगों की समस्याओं को उठाते रहे हैं।

अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि समाजवादी पार्टी को पटियाली में मुस्लिम, यादव, शाक्य, जाटव, ठाकुर, ब्राह्मण, लोध, कश्यप, वैश्य, पाल, सैनी, प्रजापति, वाल्मीकि और समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह पीडीए की भावना समाज के अंतिम व्यक्ति को राजनीतिक भागीदारी देने की है, उसी भावना के साथ सर्वसमाज के लोगों को पार्टी के संगठन में सम्मान और स्थान देना होगा।

अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि हर बूथ को केवल मतदान के दिन सक्रिय करने के बजाय पूरे पांच साल जनता के बीच सक्रिय संगठन की इकाई बनाना होगा। प्रत्येक बूथ पर कम से कम 17 नए लोगों को समाजवादी पार्टी से जोड़ने, उनसे निरंतर संवाद रखने और हर समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने की रणनीति पर काम किया जाएगा।

वरिष्ठ समाजवादी नेता प्रेम सिंह शाक्य ने कहा कि शाक्य समाज सहित सभी पिछड़े वर्गों, दलितों, अल्पसंख्यकों और सर्वसमाज के लोगों को समाजवादी पार्टी से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई तभी मजबूत होगी जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपने अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के लिए एकजुट होकर लोकतांत्रिक ताकत बने।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को गांवों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करना चाहिए और उन्हें बताना चाहिए कि समाजवादी पार्टी की सरकारों ने प्रदेश के विकास के लिए क्या काम किए तथा भविष्य में पार्टी की सरकार बनने पर जनता के लिए क्या रोडमैप होगा। उन्होंने कहा कि 2027 की तैयारी आज से शुरू करनी होगी और प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को मजबूत करने की जिम्मेदारी लेनी होगी।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, संविधान, आरक्षण, लोकतांत्रिक अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसान और गरीब के मुद्दों को केंद्र में रखकर एक मजबूत जनआंदोलन खड़ा करना है। पीडीए पंचायत के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पटियाली विधानसभा में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने और अखिलेश यादव के नेतृत्व में 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया।

इस कार्यक्रम का संचालन उमेश चंद्रा ने किया तथा इस कार्यक्रम का आयोजन अब्दुल हफीज गांधी, अतुल शाक्य, अरव सिंह शाक्य तथा सत्यवीर शाक्य ने किया।

इस पीडीए चौपाल में विक्रम यादव, जीनत खान, नाशी खान, असलम अंसारी, ब्रजेश यादव, जहीर अहमद, मुशीर अंसारी, तारिक मंसूरी, इरशाद अली, हसमत अली, शाहरुख राज, उर्वेश यादव, प्रदीप यादव, संतोष यादवआदि लोग मौजूद रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *