सतरंगी रोशनी से जगमगाया वराह मंदिर, पंचाभिषेक के बाद भगवान वराह को लगा छप्पन भोग
वराह प्राकट्योत्सव पर माता लक्ष्मी के साथ भव्य फूल बंगले में विराजे भगवान वराह, दिव्य दर्शन को उमड़े श्रद्धालु; विष्णु महायज्ञ में गूंजे वैदिक मंत्र, रातभर चले भजन-कीर्तन

सोरों। तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में भगवान श्री वराह के प्राकट्योत्सव पर रविवार को धार्मिक उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। क्षेत्राधीश वराह मंदिर एवं हरि की पौड़ी परिक्रमा मार्ग को रंग-बिरंगी झालरों और सतरंगी विद्युत रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया। मंदिर परिसर की आकर्षक सजावट देखते ही बन रही थी। सुबह भगवान वराह का पंचाभिषेक कर दिव्य श्रृंगार किया गया। भगवान को नूतन पोशाक एवं अलंकार धारण कराए गए। वेद मंत्रोच्चार और श्रद्धालुओं के मुख से गूंज रहे ‘हरि ॐ नमो नारायण’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
भव्य फूल बंगले में माता लक्ष्मी के साथ विराजे भगवान वराह
गेंदा और गुलाब के सुगंधित पुष्पों से सजाए गए भव्य फूल बंगले में भगवान वराह माता लक्ष्मी के साथ दिव्य स्वरूप में विराजमान रहे। अभिषेक एवं श्रृंगार के बाद वराह मंदिर प्रांगण में विष्णु महायज्ञ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में बढ़-चढ़कर आहुतियां डालकर भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की।



वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ विष्णु महायज्ञ
आचार्य पं. नरेश त्रिगुणायत, पं. धर्मधर शास्त्री, पं. दिलीप शास्त्री, पं. प्राज्ञेष द्विवेदी एवं सक्षम द्विवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां डलवाईं। मुख्य यजमान नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे सहित विदेहानंद गिरि, रिपुदमन सिंह (विजिलेंस इंस्पेक्टर), सुरेश पटियात, नीतेश मेधावी, विनोद गुप्ता, संजय दुबे, श्रीकांत तिवारी, मुकेश निर्भय, सुमित दीक्षित, शिवम स्वामी, अनुभव चौधरी, सौरभ दीक्षित, राहुल निर्भय, आकाश तिवारी, बंशीधर द्विवेदी, सुनील तिवारी, रवि पाराशर, कमल नयन चौधरी, राधा कृष्ण विजय, राधाकृष्ण तिवारी, कमलकांत त्रिवेदी, नेकसू प्रधान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
छप्पन भोग के बाद हुआ भंडारा, रातभर गूंजे भजन-कीर्तन
शाम के समय भगवान वराह को भव्य छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने भगवान वराह के दिव्य दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर में पूरी रात भजन-कीर्तन के आयोजन चलते रहे और श्रद्धालु भगवान की भक्ति में लीन रहे। सतरंगी लाइट से जगमगाते मंदिर परिसर की छटा देखते ही बन रही थी।
Author: Soron Live 24

