गणेश चतुर्थी पर्व! पंचमुखी गणेश जी मंदिर में सजेगा भव्य फूल बंगला, लगेगा छप्पन भोग
गणेश चतुर्थी पर विशेष आयोजन की तैयारियां पूरी, अखंड रामचरितमानस पाठ, हवन-यज्ञ और भंडारे का होगा आयोजन

सोरों, कासगंज।( सचिन उपाध्याय)तीर्थ नगरी सोरों में गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर मंदिरों में तैयारियां जोरों पर हैं। हरि की पैड़ी स्थित वराह मंदिर के निकट प्राचीन पंचमुखी गणेश जी मंदिर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
पर्व को लेकर मंदिर परिसर में श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ, हवन-यज्ञ एवं भगवान श्री आदि गणेश का अभिषेक कराया गया। मंदिर परिसर को भव्य फूलों और आकर्षक लाइटिंग से सजाया जा रहा है।
मंदिर के महंत पंडित सरवन दोनेरिया ने बताया कि सोमवार 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर पंचमुखी गणेश जी महाराज का विशेष पूजन-अभिषेक किया जाएगा। मंदिर में छप्पन भोग सजाया जाएगा तथा भव्य फूल बंगला बनाया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन होगा।

महंत ने समस्त श्रद्धालुओं से गणेश चतुर्थी के अवसर पर पंचमुखी गणेश जी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन करने और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
Author: Soron Live 24

