चार साल से टूटी पुलिया पर नहीं हुआ निर्माण, हंसी नगला-राजेपुर कुर्रा तक बांध बनाने की मांग बाढ़ प्रभावित गांवों का अब्दुल हफीज गांधी ने किया दौरा, किसानों को मुआवजा और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की मांग

चार साल से टूटी पुलिया पर नहीं हुआ निर्माण, हंसी नगला-राजेपुर कुर्रा तक बांध बनाने की मांग
बाढ़ प्रभावित गांवों का अब्दुल हफीज गांधी ने किया दौरा, किसानों को मुआवजा और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की मांग

पटियाली, 12 सितंबर 2026।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने शनिवार को पटियाली विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने नगला जयकिशन समेत आसपास के करीब दो दर्जन गांवों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने नगला जयकिशन की करीब चार वर्षों से टूटी पड़ी पुलिया का तत्काल निर्माण कराने की मांग उठाई।
अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि नगला जयकिशन की पुलिया पिछले करीब चार वर्षों से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसका निर्माण नहीं कराया गया। मौजूदा बाढ़ के चलते पुलिया से पानी का बहाव जारी है, जिससे आसपास के गांवों का आवागमन और संपर्क प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सरकार को तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को फसलों का उचित मुआवजा देना चाहिए।

स्थायी समाधान के लिए बांध निर्माण जरूरी
गांधी ने कहा कि क्षेत्र की सबसे बड़ी और स्थायी समस्या हंसी नगला से राजेपुर कुर्रा तक बांध का निर्माण है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के क्षेत्र में आने के दौरान बांध निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। हर वर्ष बाढ़ से होने वाले नुकसान को देखते हुए बांध का निर्माण तत्काल शुरू किया जाना चाहिए।
नरपत नगला और मूंजखेड़ा की पुलियाओं का भी हो निर्माण
उन्होंने कहा कि नगला जयकिशन के साथ नरपत नगला और मूंजखेड़ा की क्षतिग्रस्त पुलियाओं का भी निर्माण कराया जाना जरूरी है। बाढ़ से क्षेत्र की कई सड़कें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़कों की मरम्मत कराने तथा पूरी तरह टूट चुकी सड़कों का पुनर्निर्माण कराने की मांग की।
बाढ़ के बाद बढ़ा मच्छरों का प्रकोप
अब्दुल हफीज गांधी ने बाढ़ के बाद गांवों में बढ़ रहे मच्छरों के प्रकोप पर भी चिंता जताई। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन से प्रभावित गांवों में तत्काल फॉगिंग कराने, दवाओं का छिड़काव करने और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा, “इस क्षेत्र के लोग लंबे समय से उपेक्षा का सामना कर रहे हैं। बाढ़ हर वर्ष आती है, फसलें बर्बाद होती हैं, सड़कें और पुलिया टूटती हैं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में पर्याप्त काम नहीं होता। ग्रामीणों की समस्याओं को केवल बाढ़ के समय याद करने के बजाय पूरे वर्ष उनकी समस्याओं पर काम करने की जरूरत है।”
उन्होंने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित गांवों का गंभीरता से सर्वे कराकर किसानों और ग्रामीणों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही कहा कि संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुननी चाहिए।
इस दौरान जगबीर सिंह प्रधान, रविंद्र सिंह, पप्पू, प्रदीप, सत्यवीर, देवराज, आलम सिंह, सतपाल सिंह, राजवीर, राय सिंह, सुधीश, उदयवीर सिंह, एजेंट सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने नगला जयकिशन की टूटी पुलिया के तत्काल निर्माण और बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की मांग दोहराई।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *