किलौनी अंडरपास के पास मोपेड सवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

किलौनी अंडरपास के पास मोपेड सवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

परचून का सामान लेने अशोकनगर गया था मृतक, हाईवे किनारे बालू के ढेर के पास मिला शव

कासगंज। किलौनी अंडरपास से गोरहा की ओर करीब 300 मीटर आगे नगला भूड़ वाले रास्ते पर एक व मोपेड सवार व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान छोटेलाल पुत्र शंकर लाल (52 वर्ष), निवासी ग्राम नगला भूड़ जखा रुद्रपुर, थाना व जनपद कासगंज के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, पत्रकार विजय भारद्वाज ने अपने मोबाइल से शाम 6:22 बजे तथा ROIP के माध्यम से शाम 6:28 बजे पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति किलौनी अंडरपास से गोरहा की ओर विक्की सहित गिर गया है।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि छोटेलाल शुक्रवार को करीब 11 बजे अपनी विक्की संख्या UP87AA0503 से गांव से अशोकनगर, कासगंज स्थित परचून की दुकान के लिए सामान लेने गए थे। वापस लौटते समय वह किलौनी अंडरपास से गोरहा की ओर करीब 300 मीटर आगे नगला भूड़ वाले रास्ते पर हाईवे किनारे विक्की और परचून के सामान के साथ मृत अवस्था में मिले।

घटनास्थल पर विक्की के गिरने से परचून का सामान बिखरा हुआ पाया गया। मौके पर निर्माण कार्य भी चल रहा है और अंडरपास की जमीन से ऊंचाई करीब 25 फीट बताई गई है। हाईवे किनारे रास्ते पर काफी ऊंचाई तक बालू के ढेर भी पड़े हुए हैं।

प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि मृतक बालू के ढेर के किनारे से अपनी विक्की निकालने का प्रयास कर रहा होगा। इसी दौरान विक्की के असंतुलित होकर गिरने से हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

मृतक के शरीर पर कोई गंभीर चोट के निशान प्रथम दृष्टया नहीं पाए गए। दोनों हाथों की कलाई पर जलने के निशान मिले हैं, जो संभवतः विक्की के साइलेंसर से लगे होने की आशंका है। माथे और सिर के पीछे हल्के खरोंच के निशान भी पाए गए। चेहरे का दाहिना हिस्सा मिट्टी से सना हुआ था, जबकि बारिश के कारण कपड़े भीगे हुए थे।

पुलिस ने घटनास्थल पर फील्ड यूनिट को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य संकलन कराया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री हैं—

  1. लक्ष्मण सिंह (37 वर्ष)
  2. पूरन सिंह (35 वर्ष)
  3. प्रेमलता (28 वर्ष)

तीनों शादीशुदा हैं।

घटनास्थल पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर तथा PRV-5757 भी मौजूद रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *