ब्राह्मण कल्याण सभा ने किया पंचकोशीय परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण, खुली व्यवस्थाओं की पोल; सुधार न हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

ब्राह्मण कल्याण सभा ने किया पंचकोशीय परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण, खुली व्यवस्थाओं की पोल; सुधार न हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

बंद सोलर लाइटें, टूटा सीसी मार्ग, पेयजल का अभाव और जर्जर शौचालय मिले; डीएम व पर्यटन अधिकारी से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

सोरों शूकरक्षेत्र, 9 सितंबर 2026। ब्राह्मण कल्याण सभा एवं शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बुधवार को शूकरक्षेत्र धाम सोरों जी के पंचकोशीय परिक्रमा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण वराह भगवान मंदिर एवं हरिपदी से शुरू किया गया। परिक्रमा मार्ग के विभिन्न हिस्सों का जायजा लेने पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आईं।

oplus_0
बूढ़ी गंगा मार्ग की जर्जर सड़क 
oplus_0

जर्जर मार्ग

oplus_0

सार्वजनिक शौचालय का हाल

 

_निरीक्षण के दौरान हरिपदी कुंड के चारों ओर पर्यटन विभाग की ओर से लगाई गई सोलर लाइटें बंद पड़ी मिलीं। वहीं सीता जी की रसोई से प्रेम जी की बगीची तक सीसी मार्ग टूटा, उखड़ा और बदहाल मिला। मार्ग की खराब स्थिति के कारण पंचकोशीय परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि पंचकोशीय परिक्रमा मार्ग में देव स्थलों को छोड़कर श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था नहीं है। लंबी दूरी की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह गंभीर समस्या है। इसके अलावा सिग्नल वाले महाराज के पास परिक्रमा मार्ग अवरुद्ध मिला। परिक्रमा मार्ग पर बनाए गए सुलभ शौचालय भी जर्जर एवं बदहाल स्थिति में पाए गए।

शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति के संयोजक एवं ब्राह्मण कल्याण सभा के संस्थापक अध्यक्ष शरद कुमार पाण्डेय ने कहा कि पंचकोशीय परिक्रमा शूकरक्षेत्र की धार्मिक परंपरा और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी है। प्रत्येक एकादशी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मार्ग पर परिक्रमा करते हैं, लेकिन धरातल पर व्यवस्थाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों से तत्काल सभी कमियों को दूर कराने की मांग की।

ब्राह्मण कल्याण सभा के राष्ट्रीय संयोजक एवं शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति के सह-संयोजक शिव बैंदेल ने कहा कि शूकरक्षेत्र धाम को धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की बात लगातार की जाती है, लेकिन पंचकोशीय परिक्रमा मार्ग की बदहाल स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई कर परिक्रमा मार्ग को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएं।

डीएम और पर्यटन अधिकारी से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि पंचकोशीय परिक्रमा मार्ग की समस्याओं को लेकर शीघ्र ही जिलाधिकारी कासगंज एवं पर्यटन अधिकारी अलीगढ़ से प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों के समक्ष परिक्रमा मार्ग की सभी समस्याओं को प्रमुखता से रखेगा।

समिति ने मांग की कि जर्जर सीसी मार्ग की मरम्मत, बंद सोलर लाइटों को चालू कराने, पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था, सिग्नल वाले महाराज के पास अवरुद्ध मार्ग को खुलवाने तथा जर्जर सुलभ शौचालयों की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण का कार्य प्राथमिकता से कराया जाए।

समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं कराया गया तो श्रद्धालुओं की सुविधाओं और पंचकोशीय परिक्रमा मार्ग की व्यवस्थाओं को लेकर आंदोलन किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान शरद कुमार पाण्डेय, हरिओम पचौरी, गुरुदत्त निर्भय, शिव बैंदेल, सौरभ उपाध्याय, राहुल शर्मा, विनोद दीक्षित, राजकुमार गौड़ एवं पवन दुबे सहित ब्राह्मण कल्याण सभा एवं शूकरक्षेत्र समाज सेवा समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *