क़ादरगंज में लेंटर गिरने से मृत बच्चे के परिजनों से मिलीं सपा प्रवक्ता जाहिदा सुल्तान,दी आर्थिक मदद

कासगंज। जनपद कासगंज की पटियाली तहसील क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता जाहिदा सुल्तान लगातार जनसंपर्क और लोगों की मदद के लिए सक्रिय हैं। शनिवार को उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
सबसे पहले वह करसेना प्राथमिक विद्यालय पहुंचीं, जहां समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव नवनीत यादव भी मौजूद रहे। शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को सम्मानित किया और शिक्षकों का अभिनंदन किया।
इसके बाद जाहिदा सुल्तान पटियाली पहुंचीं, जहां कश्यप समाज के एक मकान पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार का रवैया तानाशाहीपूर्ण है, जिसके कारण एक परिवार के सिर से छत छिन गई है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
इसके बाद वह कादरगंज पहुंचीं, जहां हाल ही में लेंटर गिरने की घटना में एक बच्चे की मौत हो गई थी और दो बच्चे घायल हो गए थे। उन्होंने मृतक बच्चे के परिजनों से मुलाकात कर आर्थिक सहायता प्रदान की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
Author: Soron Live 24

