औचक निरीक्षण में स्कूल की सफाई व्यवस्था पर डीएम नाराज
कम्पोजिट विद्यालय सहावर के प्रधानाध्यापक को चेतावनी, खितौली-2 की व्यवस्थाओं की सराहना

कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने शनिवार को विकासखंड सहावर के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षिक गतिविधियों, साफ-सफाई, मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कम्पोजिट विद्यालय सहावर में कक्षा-कक्षों में अत्यधिक गंदगी मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और प्रधानाध्यापक को चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर और कक्षा-कक्षों में नियमित रूप से बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों की जिम्मेदारी है। भविष्य में लापरवाही दोबारा मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय खितौली-2 और पूर्व माध्यमिक विद्यालय खितौली का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय खितौली-2 में साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। अध्यापिका राधा एवं अन्य शिक्षकों की सजगता और कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें इसी तरह जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देश दिए कि जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और एमडीएम की समय से उपलब्धता व वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण की आधारशिला हैं। इसलिए यहां की प्रत्येक व्यवस्था गुणवत्तापूर्ण और अनुकरणीय होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर कमियों का तत्काल निराकरण कराने के निर्देश भी दिए।
Author: Soron Live 24

