पेयरिंग के नाम पर बंद दुलाई प्राथमिक विद्यालय खुलवाने की मांग
अब्दुल हफीज गांधी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उठाई आवाज, बोले- 3 किलोमीटर दूर स्कूल जाने में छोटे बच्चों को होगी परेशानी

गंजडुंडवारा/कासगंज। पटियाली तहसील के गंजडुंडवारा ब्लॉक के ग्राम दुलाई में पेयरिंग के नाम पर बंद किए गए प्राथमिक विद्यालय को दोबारा संचालित कराने की मांग को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी के अभियान “खुलेगा स्कूल तो पढ़ेगा पीडीए” के तहत ग्रामीणों ने आवाज उठाई। कार्यक्रम का नेतृत्व सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने किया।
ग्रामीणों ने बताया कि दुलाई के प्राथमिक विद्यालय को चिरोला गांव स्थित विद्यालय के साथ पेयर किया गया है, जो गांव से करीब 3 किलोमीटर दूर है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी दूरी पर छोटे बच्चों का रोजाना आना-जाना बेहद कठिन है। इससे गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होने की आशंका है।
अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि स्कूलों को पेयरिंग या विलय के नाम पर बंद करना गरीब और ग्रामीण बच्चों के शिक्षा के अधिकार को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों की महंगी फीस वहन करने में असमर्थ परिवारों के लिए सरकारी विद्यालय ही शिक्षा का प्रमुख माध्यम हैं। ऐसे में गांव का प्राथमिक विद्यालय बंद करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार को विद्यालय बंद करने के बजाय वहां शिक्षक, संसाधन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि गांव में प्राथमिक विद्यालय ही नहीं रहेगा तो छोटे बच्चों और गरीब परिवारों की शिक्षा की जिम्मेदारी कौन उठाएगा।
अब्दुल हफीज गांधी ने कासगंज जिलाधिकारी से दुलाई के प्राथमिक विद्यालय का तत्काल संज्ञान लेकर उसे पुनः संचालित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बच्चों को उनके गांव के पास ही गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

इस अवसर पर विद्याराम शाक्य, असलम अंसारी, राजकुमार मिश्रा, सत्यवीर सिंह, पुष्पेंद्र शाक्य, विजय सिंह, शैलेंद्र सिंह, फूल सिंह शाक्य, चेतराम, हुकुम सिंह, अनार सिंह, रूप किशोर मिश्रा, राजपाल शाक्य, सुरेंद्र सिंह, शिशुपाल, दिनेश कुमार, नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

