मंदिर टूटे, लेकिन हमारी भक्ति नहीं डिगी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

वृंदावन में 1,051 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, 7,240 आवास लाभार्थियों को मिली सहायता
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भले ही हमारे मंदिरों को तोड़ने का काम किया, लेकिन वे सनातनियों की भक्ति को कभी डिगा नहीं पाए। सनातन परंपरा कभी समाप्त नहीं हुई और मथुरा इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को वृंदावन स्थित गीत शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह समेत ₹1,051 करोड़ की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने ₹540 करोड़ से अधिक लागत की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा ₹437 करोड़ से अधिक की 167 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही विभिन्न आवास योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में ₹72 करोड़ से अधिक की सहायता राशि हस्तांतरित की गई।
उन्होंने कहा कि वैष्णव भक्ति एवं संगीत परंपरा के निंबार्क सखी संप्रदाय के प्रवर्तक स्वामी हरिदास जी महाराज ने भक्ति को संगीत का स्वरूप दिया, संगीत को साधना बनाया और इस साधना को समाज की चेतना से जोड़ने का महान कार्य किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 7,240 लाभार्थियों को सहायता राशि प्रदान की गई। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, ट्रैक्टर की चाबी और चेक भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर पावन ब्रजभूमि और भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित पुस्तक ‘ECHOES OF DIVINITY’ का विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की मंगलमय शुभकामनाएं दीं।
Author: Soron Live 24

