आउटसोर्स कर्मियों को अब सीधे खाते में मिलेगा मानदेय, बिचौलियों की भूमिका खत्म
उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ, ईपीएफ-ईएसआई, बीमा और सामाजिक सुरक्षा का भी मिलेगा लाभ

कासगंज, 2 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आउटसोर्स कार्मिकों के भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने आउटसोर्स कर्मियों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन स्थित विवेकानंद सभागार में देखा और सुना गया। इसमें विभिन्न विभागों में कार्यरत बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मियों ने प्रतिभाग किया।
घोषणाओं के अनुसार आउटसोर्स कर्मियों को प्रत्येक माह 1 से 5 तारीख के बीच अनिवार्य रूप से मानदेय का भुगतान किया जाएगा। नए और पुराने सभी कर्मियों के ईपीएफ व ईएसआई खाते खोले जाएंगे तथा मानदेय सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाएगा। मनमानी और असमान कमीशन व्यवस्था को समाप्त कर पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाएगी।
नियमों के अनुसार एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, महिला और दिव्यांगजनों के लिए आरक्षण का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। संबंधित विभाग और उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की सहमति के बिना किसी एजेंसी द्वारा कर्मी को सेवा से हटाया नहीं जा सकेगा। प्रत्येक आउटसोर्स कर्मी का निगम में माइग्रेशन कर उसे यूनिक कोड और पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि अब आउटसोर्स कर्मियों को बिचौलियों के बिना सीधे बैंक खातों में मानदेय मिलेगा। सभी आउटसोर्स कर्मियों को बीमा का लाभ भी दिया जाएगा। सरकार उन्हें उचित और सम्मानजनक मानदेय उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप ने कहा कि आउटसोर्स कर्मी बिना किसी भय के अपने दायित्वों का निर्वहन करें। सरकार द्वारा उनके हित में मानदेय में वृद्धि की गई है और उन्हें बढ़ा हुआ मानदेय मिलेगा। सरकार का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मियों को सम्मानजनक मानदेय के साथ सामाजिक सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र, उप जिलाधिकारी/अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास सिंह, नगर पालिका कासगंज के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आउटसोर्स कर्मियों को किट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कर्मियों ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं का स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार जताया।
Author: Soron Live 24

