सवर्ण आयोग के गठन की उठी मांग, आर्थिक आधार पर मिले गरीब सवर्णों को न्याय

सोरों (कासगंज)। भाजपा सोरों नगर मंडल अध्यक्ष आदित्य काकोरिया दुबे ने उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार से सवर्ण आयोग के गठन की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र के साथ कार्य कर रही है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण समाज के लोगों के हितों के लिए भी अलग आयोग का गठन किया जाना चाहिए।
मंडल अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग और पिछड़ा वर्ग आयोग संबंधित वर्गों के हितों और कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं, उसी प्रकार गरीब सवर्णों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की पैरवी के लिए सवर्ण आयोग का गठन आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आर्थिक आधार पर सवर्ण वर्ग के लिए 10 प्रतिशत EWS आरक्षण का प्रावधान किया गया है। जब आर्थिक आधार को मान्यता देते हुए आरक्षण की व्यवस्था की जा सकती है, तो इसी आधार पर सवर्ण आयोग के गठन में भी कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
आदित्य काकोरिया दुबे ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के लिए आयोग गठित होने से सभी वर्गों को अपनी समस्याएं सरकार तक पहुंचाने का प्रभावी मंच मिलेगा। इससे सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा और जातीय वैमनस्य फैलाने वाले तत्वों के मंसूबों पर भी अंकुश लगेगा।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से शीघ्र विधेयक लाकर सवर्ण आयोग के गठन की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
Author: Soron Live 24

