सोरों में कॉलेज जा रहे 16 वर्षीय छात्र को कार ने मारी जोरदार टक्कर, इलाज के दौरान मौत

सोरों में कॉलेज जा रहे 16 वर्षीय छात्र को कार ने मारी जोरदार टक्कर, इलाज के दौरान मौत

सोरों में सुबह हुआ भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई; अलीगढ़ से बरेली ले जाते समय छात्र ने तोड़ा दम

 

सोरों, कासगंज। तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में मंगलवार सुबह कॉलेज जा रहे 16 वर्षीय छात्र को एक अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। देर रात अलीगढ़ से बरेली उपचार के लिए ले जाते समय छात्र ने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, होडलपुर गांव निवासी छोटेलाल पुत्र शेर सिंह (16) मंगलवार सुबह करीब सात बजे भागीरथी इंटर कॉलेज जाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान कासगंज की ओर से आ रही सफेद रंग की कार संख्या MP07CH3260 अचानक अनियंत्रित हो गई और छात्र को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग ग्वालियर से गंगा स्नान के लिए सोरों आ रहे थे। चालक के अनुसार, कार की स्टीयरिंग फेल होने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ और छात्र उसकी चपेट में आ गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया।

मंगलवार देर रात अलीगढ़ से बरेली ले जाते समय छात्र ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बुधवार सुबह पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *