मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने कसी पुलिसिंग की कमान, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश
लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, वांछित-वारंटी की गिरफ्तारी और आगामी त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

कासगंज, 30 अगस्त। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने रविवार को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित कर जिले की अपराध स्थिति और कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा की। इस दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, अभियुक्तों की गिरफ्तारी, महिला एवं साइबर अपराध तथा आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान एसपी ने गंभीर एवं जघन्य अपराधों की विवेचनाओं में अनावश्यक देरी न करने तथा प्रत्येक मामले में साक्ष्यों का गुणवत्तापूर्ण संकलन करते हुए निष्पक्ष और प्रभावी विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाने तथा अपराधियों के खिलाफ विधिसम्मत कठोर कार्रवाई पर जोर दिया गया।
ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चिन्हित अभियोगों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को अधिकतम सजा दिलाने के लिए मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बाल अपराधों की समीक्षा करते हुए एसपी ने शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेने और संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा। महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति से जुड़ी गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।
साइबर एवं आर्थिक अपराधों की रोकथाम के लिए शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों की सहायता और ठगी की धनराशि की रिकवरी के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति लगातार जागरूक करने पर जोर दिया गया।
अवैध शराब, मादक पदार्थ, अवैध शस्त्र एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज करने के साथ अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने, पैदल गश्त, संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग तथा रात्रि गश्त प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई और जनशिकायतों की समीक्षा के दौरान एसपी ने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जाए और शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आईजीआरएस सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
आगामी त्योहारों एवं महत्वपूर्ण आयोजनों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पैदल गश्त और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखते हुए किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस की प्रत्येक कार्रवाई में दक्षता, अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही दिखाई देनी चाहिए। अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
Author: Soron Live 24

