हिम्मतगढ़ में सात दिवसीय निःशुल्क दिव्य सत्संग, सोरों गंगाजी और भगवान वराह की महिमा का किया गुणगान
झालावाड़ (हिम्मतगढ़)। ग्राम हिम्मतगढ़, तहसील रायपुर, जिला झालावाड़ स्थित दांगी धर्मशाला परिसर में सात दिवसीय दिव्य सत्संग श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया जा रहा है। सत्संग में उत्तर प्रदेश के कासगंज स्थित सोरों से पधारे गंगा मैया के परम भक्त एवं गंगा गुरु विक्रम पांडेय ने श्रद्धालुओं को धर्म और आध्यात्मिक ज्ञान का संदेश दिया।
धर्म और आध्यात्मिकता का दिया संदेश
सत्संग के दौरान गुरु विक्रम पांडेय ने जीवन को सार्थक बनाने, आत्मा के उद्धार, परमात्मा से निरंतर जुड़े रहने तथा धर्म और सेवा के कार्यों में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गौ सेवा के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
सोरों गंगाजी और भगवान वराह की कथा सुनाई
गुरु ने शूकरक्षेत्र सोरों गंगाजी की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए भगवान वराह की कथा सुनाई। उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सेवा के मार्ग पर चलने तथा सोरों गंगाजी की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
ग्रामीणों के सहयोग से हो रहा आयोजन
सात दिवसीय सत्संग का आयोजन गुरु के मार्गदर्शन में ग्राम हिम्मतगढ़ के धर्मप्रेमी लोगों और मातृशक्ति के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम की विशेषता यह है कि संपूर्ण सत्संग निःशुल्क आयोजित किया जा रहा है।
निःशुल्क सत्संग से परमात्मा से जोड़ना उद्देश्य
गुरु विक्रम पांडेय ने कहा, “पैसा तो हर कोई कमाता है, लेकिन मेरा उद्देश्य निःशुल्क सत्संग के माध्यम से माता-बहनों और धर्मप्रेमी बंधुओं को परमात्मा से जोड़ना है। साथ ही शूकरक्षेत्र सोरों गंगाजी की महिमा को जन-जन तक पहुंचाना है।”

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ
सात दिनों से चल रहे इस दिव्य सत्संग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं। श्रद्धालुओं ने गुरु के प्रेरणादायी वचनों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
Author: Soron Live 24

