131 मीटर की ‘हनुमान पूंछ’ कांवड़ ने खींचा सबका ध्यान, शिव-हनुमान-जामवंत के स्वरूप ने बढ़ाया भक्तिमय रंग
लहरा गंगाघाट से फिरोजाबाद रवाना हुआ 40 शिवभक्तों का जत्था, ‘बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजा मार्ग

कासगंज यूपी । तीर्थनगरी सोरोंजी के लहरा गंगा घाट पर रविवार की सुबह आस्था और भक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। फिरोजाबाद जिले के गांव नाऊआ से पहुंचे करीब 40 शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा में 131 मीटर लंबी हनुमान की पूंछनुमा कांवड़ आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। विशाल कांवड़ को देखने के लिए रास्ते में राहगीर और स्थानीय लोग भी ठिठक गए।
कांवड़ियों का जत्था रविवार तड़के लहरा गंगाघाट पहुंचा। सभी शिवभक्तों ने गंगा स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और कांवड़ में पवित्र गंगाजल भरा। इसके बाद भगवान शिव के जयकारों के साथ जत्था फिरोजाबाद के लिए रवाना हुआ।

शिव, हनुमान और जामवंत के स्वरूप ने बांधा समां
यात्रा का सबसे खास आकर्षण 131 मीटर लंबी कांवड़ रही, जिसे भगवान हनुमान की पूंछ का स्वरूप दिया गया था। विशाल कांवड़ के साथ धार्मिक पात्रों का स्वरूप धारण किए शिवभक्त भी चल रहे थे। बॉबी निगुआ हनुमान, नथुनी प्रसाद भगवान शिव और उदय जामवंत के स्वरूप में नजर आए।
तीनों धार्मिक स्वरूपों ने कांवड़ यात्रा में विशेष आकर्षण जोड़ दिया। विशाल कांवड़ और सजे हुए शिवभक्तों को देखने के लिए मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटती रही। स्थानीय लोगों ने कई स्थानों पर कांवड़ियों का स्वागत भी किया।
जयकारों से गूंजता रहा यात्रा मार्ग
लहरा गंगाघाट से रवाना हुआ जत्था सोरोंजी, प्रहलादपुर, गोराहा, भिटोना और कासगंज होते हुए फिरोजाबाद की ओर बढ़ा। 131 मीटर लंबी कांवड़ को संभालकर आगे बढ़ रहे शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। रास्ते में लोग विशाल कांवड़ की तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए।
पूरी यात्रा के दौरान ‘बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पहली बार लहरा घाट से गंगाजल लेने पहुंचे बॉबी
हनुमान का स्वरूप धारण करने वाले बॉबी निगुआ ने बताया कि वह पहली बार सोरोंजी के लहरा गंगाघाट से गंगाजल लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की भक्ति और आस्था के साथ यह कांवड़ यात्रा उनके लिए विशेष अनुभव है। विशाल कांवड़ के साथ यात्रा करने को लेकर सभी शिवभक्तों में खासा उत्साह है।
Author: Soron Live 24

