पीएम पोषण योजना के रसोइयों का सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित

पीएम पोषण योजना के रसोइयों का सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित

प्रदेश के 3.54 लाख रसोइयों को ₹5 लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा, मानदेय में ₹1,000 की वृद्धि

रसोइयों को अब ₹3,000 मानदेय, ड्रेस/साड़ी के लिए ₹1,000 तथा ₹2 लाख तक दुर्घटना बीमा की सुविधा

कासगंज, 23 अगस्त 2026।
प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन जनपद कासगंज में किया गया। लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर से मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जनपद स्तर पर श्री गणेश इंटर कॉलेज, कासगंज के सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम को जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, रसोइयों एवं अन्य उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना।
जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, मा0 सदस्य राज्य महिला आयोग रेनू गौड़, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक रजनेश कुमार तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सजीव प्रसारण के दौरान मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश के पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत 3.54 लाख रसोइयों के हित में विभिन्न महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। रसोइयों के मानदेय में ₹1,000 प्रतिमाह की वृद्धि की गई, जिससे अब उनका कुल मानदेय ₹3,000 प्रतिमाह हो गया है। साथ ही रसोइयों को ड्रेस/साड़ी के लिए दी जाने वाली धनराशि ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 किए जाने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम के दौरान रसोइयों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण की शुरुआत की गई। इससे बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के बाद पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइये भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा से आच्छादित हो गए हैं।
रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से ₹2 लाख तक के दुर्घटना बीमा के लिए भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू का आदान-प्रदान भी किया गया। प्रदेश में कार्यरत 3.54 लाख रसोइयों में लगभग 93 प्रतिशत महिलाएं हैं, जो विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
रसोइयों की कार्यक्षमता एवं पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए किचेन गार्डन एवं पाक कला प्रतियोगिता की शुरुआत किए जाने तथा पोषण संबंधी विषयों पर पोषण फिल्म के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किए जाने की भी घोषणा की गई।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह द्वारा सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, रसोइयों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन की घोषणा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रसोइया, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *