48 घंटे में जहरखुरानी का आरोपी गिरफ्तार, एआई ने खोला पुलिस की जांच का रास्ता
पटियाली के युवक को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर लूटा था, जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दबोचा

कासगंज। ट्रेन में पटियाली के युवक को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने वाले जहरखुरानी के आरोपी को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने वारदात के महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीली गोलियां और लूट की रकम में से 1,130 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक रेलवे आगरा ने टीम को 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त की सुबह पटियाली क्षेत्र के गांव कुड़ा निवासी निमाई कासगंज जंक्शन से शिकोहाबाद जाने वाली ट्रेन में सवार होकर पटियाली जा रहे थे। इसी दौरान जहरखुरानी गिरोह के आरोपी ने उनसे बातचीत शुरू की और चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। चाय पीने के बाद निमाई बेहोश हो गए।
मैपुरी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरोपी ने उन्हें ट्रेन से उतार दिया और फरार हो गया। एक यात्री ने बेहोशी की हालत में पड़े निमाई की सूचना जीआरपी-आरपीएफ को दी। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
होश में आने के बाद पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसके करीब पांच हजार रुपये और सामान लेकर फरार हुआ था। मामले में जीआरपी थाना कासगंज में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
एआई से तैयार कराया आरोपी का स्केच
पुलिस ने पीड़ित द्वारा बताए गए आरोपी के हुलिए और अन्य सुरागों के आधार पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी का स्केच तैयार कराया। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशनों तथा आसपास के क्षेत्रों में तलाश तेज कर दी।
लगातार प्रयास के बाद टीम ने शनिवार सुबह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान दिवेश निवासी नगला सुमन, थाना मीरपुर, फर्रुखाबाद के रूप में हुई है।
उसके कब्जे से नशीली गोलियां और लूट की रकम में से 1,130 रुपये बरामद किए गए हैं।
पहले भी दर्ज है मुकदमा
जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुंतल के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मीरपुर थाने में वर्ष 2024 में भी प्राथमिकी दर्ज है। पूछताछ में सामने आया कि वह यात्रियों से बातचीत कर उन्हें अपने विश्वास में लेता था और चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने के बाद नकदी और सामान लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस अब आरोपी के अन्य संभावित साथियों और उसके द्वारा की गई अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
Author: Soron Live 24

