कासगंज में तीन शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, तीन चोरी की बाइक और तमंचा बरामद

ओम विहार कॉलोनी के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचा, एक आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा और कारतूस मिला
कासगंज। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली कासगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटर साइकिल, अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को ओम विहार कॉलोनी के पास चेकिंग के दौरान बौबी पुत्र लेखराज निवासी सहावर गेट प्रताप नगर कॉलोनी, विशाल उर्फ बोधरत्न उर्फ मनकू पुत्र पंजाबी लाल निवासी मंडी के पीछे हनौता रोड और होतीलाल पुत्र ठाकुरदास निवासी सहायपुर थाना अमांपुर को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी और पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से हीरो स्प्लेंडर बाइक संख्या UP 82 AN 0551, पैशन प्रो बाइक संख्या UP 87 B 9730 और बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर बरामद हुई। वहीं विशाल उर्फ बोधरत्न उर्फ मनकू के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी मिला।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना कासगंज में मु0अ0सं0 487/2026, धारा 317(2), 317(5), 318(4) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विशाल उर्फ बोधरत्न उर्फ मनकू के खिलाफ पूर्व में भी थाना कासगंज में मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब बरामद मोटर साइकिलों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जगदीश चन्द्र, उपनिरीक्षक सन्दीप वर्मा, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल कृष्णकान्त शर्मा, हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार, कांस्टेबल दीपक खोखर, शैलेन्द्र सिंह, पंकज कुमार, रिजर्व कांस्टेबल हरीश कुमार और गुरदीप सिंह शामिल रहे।
Author: Soron Live 24

