राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. रेनू गौड़ ने वन स्टॉप सेंटर का किया औचक निरीक्षण
कासगंज। राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. रेनू गौड़ द्वारा वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेंटर की व्यवस्थाओं, पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा अभिलेखों का जायजा लिया।
इस दौरान घरेलू हिंसा से संबंधित एक पीड़िता की जनसुनवाई करते हुए डॉ. रेनू गौड़ ने उसकी समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़िता को नियमानुसार आवश्यक विधिक, मनोवैज्ञानिक एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराते हुए प्रकरण में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। महिला उत्पीड़न एवं घरेलू हिंसा से संबंधित मामलों में पीड़िताओं को त्वरित न्याय एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर प्रियंका यादव एवं काउंसलर मनीषा पाठक उपस्थित रहीं। डॉ. रेनू गौड़ ने सेंटर की कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए।
Author: Soron Live 24

