पुलिस मुठभेड़ में लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटी मोटरसाइकिल और अवैध शस्त्र बरामद
गंजडुंडवारा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई; एक बाल अपचारी भी पकड़ा गया
कासगंज। गंजडुंडवारा थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की घटना में वांछित दो आरोपियों और एक बाल अपचारी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और दो अवैध तमंचे समेत कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में गंजडुंडवारा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 18/19 अगस्त की रात बड़ी नहर किनारे ग्राम जैधर के पास घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक, इस दौरान लूट की घटना में वांछित तीन आरोपी मिले। पुलिस मुठभेड़ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हिमांशु पुत्र हरिश्चंद्र निवासी ग्राम थाना गांव, थाना पटियाली और अनुराग पुत्र बालिस्टर निवासी ग्राम कुतुबपुर सराय, थाना पटियाली के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी बाल अपचारी है।

करीब एक माह पहले की थी लूट
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब एक माह पहले उन्होंने एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल, नकदी और मोबाइल फोन लूटा था। घटना के बाद तीनों हरियाणा चले गए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी दोबारा किसी घटना को अंजाम देने के इरादे से लूटी गई मोटरसाइकिल से आए थे।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, दो तमंचे 315 बोर, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किए हैं। मामले में थाना गंजडुंडवारा में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम मय पुलिस टीम तथा प्रभारी निरीक्षक रितेश कुमार के नेतृत्व में एसओजी और सर्विलांस टीम शामिल रही।
Author: Soron Live 24

