कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर पुलिस अधीक्षक ओ. पी. सिंह ने किया स्वागत, फल वितरित कर जाना यात्रा का हाल

कासगंज। श्रावण मास में चल रही पवित्र कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ. पी. सिंह ने रविवार को सोरों गेट तिराहे पर पहुंचकर कांवड़ लेकर गुजर रहे शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस दौरान कासगंज पुलिस की ओर से कांवड़ियों को फल वितरित किए गए। पुलिस की इस पहल से शिवभक्तों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल दिखाई दिया। पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ियों से आत्मीयतापूर्वक संवाद कर यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सभी श्रद्धालुओं को सुखद, सुरक्षित एवं सकुशल कांवड़ यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से कांवड़ यात्रा मार्ग की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि कांवड़ियों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए पुलिस बल लगातार सतर्क एवं मुस्तैद रहे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ शालीन, सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने और उनकी किसी भी समस्या अथवा आवश्यकता पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से भी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कासगंज सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कासगंज जगदीश चन्द्र सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कासगंज पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद में प्रभावी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
Author: Soron Live 24

