कांवड़ यात्रा मार्गों का एसपी ओपी सिंह ने किया भौतिक निरीक्षण, कासगंज-एटा बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था परखी

कांवड़ यात्रा मार्गों का एसपी ओपी सिंह ने किया भौतिक निरीक्षण, कासगंज-एटा बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था परखी

 

कासगंज, 15 अगस्त। श्रावण माह में आयोजित पवित्र कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित संपन्न कराने के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह ने शनिवार को जनपद के कांवड़ यात्रा मार्गों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कासगंज-बरेली मार्ग पर सोरों गेट, नदरई तिराहा, कासगंज-एटा बॉर्डर मार्ग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कासगंज से एटा की ओर जाने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जनपद एटा के पुलिस अधिकारियों से समन्वय वार्ता की। दोनों जनपदों के अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की और कासगंज-एटा बॉर्डर, नदरई तिराहा सहित प्रमुख मार्गों का संयुक्त भ्रमण किया।

इस दौरान यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्गों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखें और प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें। किसी भी सूचना अथवा आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

एसपी ओपी सिंह ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों के साथ शालीनतापूर्वक, संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूर्ण निष्ठा, सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में किसी प्रकार का व्यवधान न होने देने तथा आमजन को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *